
मुख्यमंत्री ने कंडक्टर भर्ती प्रश्न पत्र लीक मामले में दिए जांच के आदेश, डॉ. गौरव शर्मा को न्यूजीलैंड में सांसद बनने पर दी बधाई
लोकमत उदय ब्यूरो
हिमाचल पथ परिवहन निगम में कंडक्टरों की भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसे बख़्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि लिखित परीक्षाएं पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाएं ताकि भविष्य में इस तरह की कोई घटना घटित न हो।
मुख्यमंत्री ने डॉ. गौरव शर्मा को न्यूजीलैंड में सांसद बनने पर दी बधाई
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जिला हमीरपुर के निवासी डॉ. गौरव शर्मा को न्यूजीलैंड में सांसद चुने जाने पर बधाई व शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि डॉ. गौरव शर्मा ने अपने नाम को सार्थक करते हुए विदेश में हिमाचल प्रदेश का नाम भी गौरवान्वित किया है। उल्लेखनीय है कि डॉ. गौरव शर्मा हमीरपुर जिला के गलोड़ से सम्बन्ध रखते हैं और हाल ही में न्यूजीलैंड में संपन्न हुए चुनावों में वह सांसद चुने गए हैं।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नवरात्रि उत्सव की शुभकामनाएं दीं
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने नवरात्रि उत्सव के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि यह उत्सव प्रदेश के लोगों के बीच खुशियां और भाईचारे की भावना को बढ़ाएगा। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के लोगों पर मां दुर्गा का आशीर्वाद बना रहे और प्रदेश समृद्धि और उन्नति के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे। उन्होंने लोगों को आने वाले उत्सवों की बधाई देते हुए कोरोना महामारी को फैलने से रोकने के लिए सामाजिक दूरी और फेस मास्क को अपनाने का आह्वान किया।





