
कसौली के हेरिटेज मार्केट में आग,कई दुकाने जलकर राख, करोड़ो का नुकसान
रणजीत/लोकमत उदय ब्यूरो
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन नगरी कसौली के हेरिटेज मार्केट में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ने देखते ही देखते बाजार की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। इस अग्निकांड में करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। सूचना के अनुसार आग लगने की शुरुआत एक रेस्टोरेंट से हुई बताई जा रही है। रेस्टोरेंट में रखे गैस सिलेंडरों में धमाके होने लगे। मौके पर 7 से 8 सिलेंडर फटने से आग ने तेजी से विकराल रूप धारण किया और आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। वहीं पुलिस विभाग के जवानों के साथ स्थानीय दुकानदार भी आग बुझाने में जुटे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की दुकानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।



